रायपुर 24 जुलाई 2026 : सरस्वती नगर थाना इलाके में शुक्रवार की सुबह फ्लाईओवर में एक महिला कार चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया. महिला चालक ने 3 बाइक को ठोकर मार दी. जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं. इसमें से एक घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है. बाकी दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं.
सरस्वती नगर से मोहबा बाजार जा रही थी
कार चलाने वाली महिला सरस्वती नगर से मोहबा बाजार की ओर जा रही थी. इसी दौरान टक्कर मारते हुए फरार हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है. पुलिस महिला कार चालक की तलाश कर रही है.
कार के नंबर प्लेट से पहचान
पश्चिमी जोन के एडीसीपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि “शुक्रवार की सुबह लगभग 9:30 बजे एक महिला कार चालक सरस्वती नगर से मोहबा बाजार की ओर फ्लाईओवर से जा रही थी. तभी रास्ते में उसने 3 दो पहिया वाहनों को ठोकर मारी है. कार का नंबर प्लेट रास्ते पर गिरा था और उससे ही गाड़ी की पहचान हो गई है. पुलिस आगे की कार्यवाही और मामले की जांच में जुट गई है.
सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना के तुरंत बाद सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. राहगीर और वाहन चालकों ने बताया कि कार चालक एक महिला थी. फिलहाल इस हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है.
