नई दिल्ली 24 जुलाई 2026 : एशियाई खेलों के लिए क्रिकेट के रोमांचक शेड्यूल का ऐलान हो गया है. एशियाई खेलों के मंच पर क्रिकेट चौथी बार अपनी धाक जमाने के लिए पूरी तरह तैयार है. इससे पहले यह खेल 2010 (गुआंगझू), 2014 (इंचियोन) और 2023 (हंगझोउ) के संस्करणों में भी दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित कर चुका है. इस बार भारतीय टीम पर पूरी दुनिया की नजरें होंगी, क्योंकि भारत पुरुष और महिला दोनों ही वर्गों में अपने स्वर्ण पदक की रक्षा करने मैदान पर उतरेगा. यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और इसे इंटरनेशनल टी-20 का दर्जा प्राप्त होगा. सभी मुकाबले आइची प्रांत के प्रसिद्ध कोरोजी एथलेटिक पार्क स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे, जहां क्रिकेट प्रेमी एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने की उम्मीद कर रहे हैं.
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज 17 सितंबर से होगा, जो 22 सितंबर तक चलेगी. गत विजेता भारतीय महिला टीम सीधे क्वार्टर फाइनल मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जहां उसका सामना मेजबान जापान की टीम से होगा. अगर भारतीय टीम जापान के खिलाफ अपनी जीत दर्ज करती है, तो सेमीफाइनल में उसका सामना बांग्लादेश और चीन के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच की विजेता टीम से होगा. टूर्नामेंट के अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में श्रीलंका का सामना मलेशिया से होगा, वहीं चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम थाईलैंड से भिड़ेगी. दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका/मलेशिया की विजेता का सामना पाकिस्तान/थाईलैंड की विजेता से होगा.
2026 एशियन गेम्स के मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत के अलावा बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। वहीं, अफगानिस्तान, हॉन्गकॉन्ग, जापान, मलेशिया, नेपाल और ओमान की टीमें प्रीलिमिनरी राउंड में खेलेंगी।
भारतीय महिला टीम पहले मैच में जापान से भिड़ेगी
महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इस इवेंट की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से होगी। भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में जापान का सामना करेगी।
