दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग

राजकोट 27 जुलाई 2026 : इंडिगो फ्लाइट में सोमवार को कार्गो होल्ड एरिया में धुआं मिलने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह फ्लाइट दुबई से मुंबई जा रही थी। बीच रास्ते में ही फ्लाइट के कार्गो एरिया में धुआं देखने को मिला। इसके बाद इमरजेंसी घोषित की गई और फ्लाइट को राजकोट डाइवर्ट कर दिया गया। इस फ्लाइट में कुल 194 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार दोपहर 2.45 बजे इमरजेंसी घोषित की गई और 3.27 बजे फ्लाइट ने राजकोट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस दौरान पूरे 42 मिनट तक 194 लोगों की सांसें अटकी रहीं। हालांकि, अंत में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और धुआं निकलने की वजह की जांच की जा रही है।

राजकोट एयरपोर्ट के डायरेक्टर दिगंत बोरा ने कहा, “दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखने के बाद राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान सुरक्षित रूप से लैंड हो गया, और सभी यात्री सुरक्षित हैं।” इसी महीने के बीच में बेंगलुरु में इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की पर्ची मिली थी, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कुछ नहीं मिला था।

एयरपोर्ट पर फायर ब्रिग्रेड भी तैनात किया

एयरबस A321 एयरक्राफ्ट, फ्लाइट नंबर IGO1452 में 194 पैसेंजर सवार थे। प्लेन दुबई से मुंबई के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में प्लेन के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं देखा गया। ऐसे में पैसेंजर की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट अधिकारियों ने दोपहर 2:45 बजे पूरी इमरजेंसी घोषित कर दी। प्लेन दोपहर 3:27 बजे राजकोट के हीरासर एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया। आग लगने की आशंका के कारण, पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमों को एयरपोर्ट पर तैनात किया गया था। सभी पैसेंजर को एयरक्राफ्ट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

काठमांडू से लखनऊ डायवर्ट हुआ चाइना सदर्न एयरलाइंस का विमान

काठमांडू में खराब मौसम की वजह से चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट सीजेड 3067 का रूट डायवर्ट करके उसे लखनऊ भेजा गया। लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया, ”काठमांडू में खराब मौसम के कारण चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या सीजेड 3067 (एयरबस ए320नियो) को रूट डायवर्ट करके लखनऊ भेजा गया। यह प्लेन रविवार रात 11 बजकर 18 मिनट पर लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरा।” उन्होंने बताया कि इस विमान ने चीन के ग्वांगझू से उड़ान भरी थी और इसे काठमांडू में उतरना था। सूत्रों के मुताबिक विमान में 159 यात्री सवार थे।