चेन्नई: उदयनिधि स्टालिन तमिलनाडु पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया: चेन्नई। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को चेन्नई स्थित उनके आवास से तमिलनाडु पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन पर कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
रैली के बाद दर्ज हुई एफआईआर
यह मामला सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल-बंटवारे के मुद्दे पर आयोजित डीएमके की रैली से जुड़ा है। आरोप है कि अपने संबोधन के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर कथित तौर पर डबल मीनिंग टिप्पणी की। इसी दौरान रैली में अभिनेत्री तृषा के खिलाफ भी आपत्तिजनक नारे लगाए गए, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।
मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की शिकायत पर तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ मामला दर्ज किया।
अग्रिम जमानत के लिए हाई कोर्ट पहुंचे
गिरफ्तारी की आशंका के बीच उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार को मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने दोपहर बाद जमानत याचिका पर सुनवाई करने का फैसला किया।
राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंचा मामला
विवाद केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा। टीवीके ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी महिलाओं का अपमान करने वाली, अश्लील और यौन संकेत देने वाली थी।
टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पाझा सेल्वाकुमार ने आयोग से मामले का संज्ञान लेने, उदयनिधि से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग करने और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की है।
राजनीतिक माहौल हुआ गर्म
उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिए जाने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। डीएमके और टीवीके के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। वहीं, अब सभी की नजर मद्रास हाई कोर्ट में लंबित अग्रिम जमानत याचिका और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
