स्पोर्ट्स 10 अगस्त 2026 : भारत की अश्मिता चालिहा ने कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है. उन्होंने महिला एकल फाइनल में चीन की चौथी वरीयता प्राप्त हान कियान शी को मात दी.
पहला गेम हारने के बाद, विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर काबिज अश्मिता ने शानदार वापसी की और विश्व में 35वें नंबर की खिलाड़ी हान को 53 मिनट तक चले गेम में 14-21, 21-14, 21-14 से हराया.
असम की रहने वाली 26 वर्षीय इस खिलाड़ी का ये पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब है. उनका फाइनल तक का सफर शानदार रहा. उन्होंने पहले क्वालिफायर रिरीना हिरामोतो और फिर किम मिन जी को सीधे गेम में हराया, और क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त हिना अकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से मात दी.
स साल अश्मिता ने बीडब्ल्यूएफ टूर पर शानदार वापसी करते हुए चाइना मास्टर्स और मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल और फिर मकाऊ ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी.
इस जीत के साथ अश्मिता इस साल सुपर 300 खिताब जीतने वाली देविका सिहाग और तन्वी शर्मा के बाद तीसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं. कुल मिलाकर, कोरिया मास्टर्स फाइनल में जीत के साथ वह इस साल सिंगल्स BWF खिताब जीतने वाली चौथी भारतीय महिला बन गई हैं. उनसे पहले तन्वी ने ताइपे ओपन, पीवी सिंधु ने जापान ओपन और देविका सिहाग ने थाईलैंड मास्टर्स में खिताब जीता था.
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस साल BWF खिताब जीता है. उन्होंने मई में सिंगापुर बैडमिंटन ओपन में पुरुष डबल्स का खिताब अपने नाम किया था.
