नई दिल्ली 17 August 2026 : भारतीय जनता पार्टी के संगठन में बदलाव की जोरदार खबरें आ रही हैं. कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम को अंतिम रूप दे दिया है. आज यानी संगठन में इस बदलाव का ऐलान हो सकता है. जनवरी में नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही टीम का गठन पेंडिग है. अधिकतम 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, नौ राष्ट्रीय महामंत्री (जिनमें एक महामंत्री संगठन भी शामिल है) और 15 मंत्रियों की नियुक्ति हो सकती है. एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की नियुक्ति होनी है. बीजेपी संविधान में किए गए संशोधन के अनुसार 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं. इसका मतलब है कि कुल 38 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में से कम से कम 13 महिलाएं होना अनिवार्य हैं. साथ ही, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रत्येक वर्ग में से कम से कम तीन पदाधिकारी होने आवश्यक हैं.
इसके अलावा केंद्रीय चुनाव समिति का भी गठन होना है जिसमें पार्लियामेंट्री बोर्ड के सभी सदस्यों के साथ ही कुछ अन्य नेताओं को भी शामिल किया जाता है. अभी महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और महिला मोर्चा की अध्यक्ष वी श्रीनिवासन इसकी सदस्य हैं.
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हो सकते हैं 120 सदस्य
नितिन नवीन राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन करेंगे. यह पार्टी की मुख्य कार्यकारी संस्था है. इसमें अध्यक्ष के अलावा अधिकतम 120 सदस्य हो सकते हैं. इनमें भी कम से कम 40 महिलाएं और 12 सदस्य एससी-एसटी वर्ग से होने आवश्यक हैं. साथ ही, राष्ट्रीय अध्यक्ष आवश्यकतानुसार विशेष आमंत्रित तथा स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी मनोनीत कर सकते हैं.
राष्ट्रीय परिषद का भी गठन होगा जिसमें राज्य परिषदों द्वारा निर्वाचित सदस्य, संसदीय दल के 10 प्रतिशत सदस्य, पार्टी के सभी पूर्व अध्यक्ष और राज्यों की विधानसभाओं और विधान परिषदों के नेता, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य, पार्टी के सभी राष्ट्रीय मोर्चों के अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा अधिकतम 20 मनोनीत सदस्य होते हैं.
खबर तो यह भी है कि युवाओं और अनुभवी नेताओं को भी इस बार टीम में जगह दी जाएगी. क्षेत्रीय और जातीय समीकरण साधे जाएंगे. आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रख कर गठन करने की तैयारी है.
