स्पोर्ट्स 17 अगस्त 2026 : भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. मैच के तीसरे दिन की शुरुआत में टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 462 रनों पर सिमट गई. इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई है. टीम इंडिया को 178 रनों की लीड मिल गई है. श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा ने शानदार शतक लगाया, लेकिन वह सेंचुरी लगाते ही आउट हो गए. भारत की ओर से युवा स्पिनर मानव सुथार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट अपने नाम किए. बारिश की वजह से तीसरे दिन के खेल को खत्म कर दिया गया है.
मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने शुरुआत में ही तोड़ी श्रीलंका की कमर
भारत की पहली पारी 462 रनों के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी की शुरुआत बेहद ही खराब रही. भारतीय स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर श्रीलंका को झटका दिया. उन्होंने निशान मदुष्का को पवेलियन का रास्ता दिखाया, जो खाता भी नहीं खोल पाए. इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने युवा स्पिनर मानव सुथार को गेंदबाजी के लिए बुलाया. सुथार ने भी अपने कप्तान को निराश नहीं किया और दिनेश चांदीमल को आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया. चांदीमल ने 27 रन बनाए. फिर सुथार ने लाहिरू उदारा को आउट कर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया. लाहिरू उदारा 4 रन बनाकर चलते बने.
90 रन के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम लौटी पवेलियन
इसके बाद कुलदीप यादव ने कामिंडु मेंडिस को आउट कर श्रीलंका को चौथा झटका दिया, जिनका कप्तान शुभमन गिल ने शानदार कैच पकड़ा. फिर रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा को पवेलियन भेजा. धनंजय डी सिल्वा 21 रन बनाकर चलते बने. इस तरह 90 रन के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी, जिसके बाद ऐसा लगा कि श्रीलंका की टीम फोलोऑन भी नहीं बचा पाएगी.
निरोशन डिकवेला-सोनल दिनुशा की साझेदारी ने भारत की बढ़ा दी थी टेंशन
इसके बाद निरोशन डिकवेला और सोनल दिनुशा ने श्रीलंका की पारी को संभाला और शानदार साझेदारी की. एक वक्त ऐसा लग रहा था कि यह पार्टनरशिप टीम इंडिया के लिए खतरनाक साबित हो सकती है, लेकिन फिर प्रसिद्ध कृष्णा ने निरोशन डिकवेला को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और टीम इंडिया ने राहत की सांस ली. निरोशन डिकवेला 80 रन बनाकर आउट हुए. दोनों बल्लबाजों के बीच 146 रनों की साझेदारी हुई थी.
सोनल दिनुशा ने जड़ा शानदार शतक
निरोशन डिकवेला के आउट होने के बाद सोनल दिनुशा ने दूसरा छोर जरूर संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर से श्रीलंका के विकेट गिरते रहे. सोनल दिनुशा के रूप में श्रीलंका ने अपना 9वां विकेट गंवाया और पूरी टीम 284 रनों पर सिमट गई. सोनल दिनुशा ने शानदार शतक लगाया और उन्होंने 100 रन बनाए.
मानव सुथार ने 4 विकेट लेकर मचाया धमाल
टीम इंडिया के लिए युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया. उन्होंने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए. वहीं स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट झटके. जबकि मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली.
देवदत्त पडिक्कल ने भारत की ओर से लगाया शतक
भारतीय पारी की बात करें तो देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक लगाया. उन्होंने 167 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसके दम पर भारत 462 रन बनाने में कामयाब रहा. इसके अलावा केएल राहुल (82), ऋषभ पंत (39), ध्रुव जुरेल (51), यशस्वी जायसवाल (32), मानव सुथार (24), शुभमन गिल (16), रवींद्र जडेजा (13), मोहम्मद सिराज (11), कुलदीप यादव (13*) और प्रसिद्ध कृष्णा (2) रन बनाए.
