3 अक्टूबर से WCL का रण, वॉर्नर-युवराज-डिविलियर्स की होगी वापसी

नई दिल्ली स्पोर्ट्स 17 अगस्त 2026 : क्रिकेट फैंस को एक बार फिर अपने पुराने फवरेट्स दिग्गजों को मैदान पर देखने का मौका मिलने वाला है। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (World Championship of Legends) के तीसरे सीजन में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर डेविड वॉर्नर भी खेलते नजर आएंगे। टूर्नामेंट 3 से 18 अक्टूबर 2026 तक खेला जाएगा। आयोजन स्थल की घोषणा अभी नहीं हुई है। वॉर्नर के साथ कई बड़े नाम WCL के तीसरे सीजन में वॉर्नर के अलावा युवराज सिंह, एबी डिविलियर्स, ड्वेन ब्रावो, शाहिद अफरीदी और मोईन अली जैसे पूर्व दिग्गज भी खेलेंगे। बांग्लादेश के पूर्व ऑलराउंडर महमूदुल्लाह रियाद को भी टूर्नामेंट में शामिल किया गया है। आयोजकों के मुताबिक इस बार स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबलों का रोमांच और बढ़ेगा।

बांग्लादेश चैंपियंस की भी एंट्री तीसरे सीजन में बांग्लादेश चैंपियंस को भी शामिल किया गया है। इससे टूर्नामेंट में टीमों की संख्या और मुकाबलों का दायरा बढ़ेगा। WCL का पहला सीजन इंडिया चैंपियंस ने जीता था। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान चैंपियंस को हराया था। दूसरे सीजन में साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता।

पहली बार UK से बाहर होगा आयोजन WCL के फाउंडर और CEO हर्षित तोमर ने बताया कि तीसरा सीजन ब्रिटेन से बाहर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “सीजन 3 बहुत खास होने वाला है। इस सीजन के लिए हम UK से बाहर जाएंगे और अपने सभी फैंस को सरप्राइज देंगे।” हालांकि, टूर्नामेंट का वेन्यू और पूरी टीमों की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।