गायों के झुंड को बचाने में मजदूरों से भरी पिकअप डंपर से टकराई, 8 की मौत, 32 घायल

ग्वालियर। भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात छीमका गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप और सामने से आ रहे डंपर के बीच जोरदार भिड़ंत में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब एक बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि पिकअप में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। ये मजदूर मध्य प्रदेश में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया है और उनकी शिनाख्त की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं हाईवे पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।