रायपुर 20 अगस्त 2026 : वृंदावन कॉलोनी के नागरिकों ने एकजुटता और सामूहिक प्रयास की अनूठी मिसाल पेश की है। कॉलोनी की खराब सड़क को लेकर रहवासियों ने शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगाई और सड़क निर्माण की मांग रखी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस पहल नहीं होने पर कॉलोनीवासियों ने स्वयं ही अपनी कॉलोनी को संवारने का बीड़ा उठाया।
कॉलोनी के लोगों ने आपस में राशि एकत्रित कर मुरुम, बजरी सहित सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री मंगाई और सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया। इतना ही नहीं, रहवासी स्वयं श्रमदान कर सड़क निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब लगातार प्रयासों के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण की दिशा में पहल नहीं हुई, तो सभी ने मिलकर अपने स्तर पर समस्या का समाधान करने का निर्णय लिया। इस सामूहिक पहल से न केवल सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ रहा है, बल्कि कॉलोनीवासियों में आपसी सहयोग और एकजुटता की भावना भी मजबूत हो रही है।
वृंदावन कॉलोनी के नागरिकों का यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय और प्रेरणादायक है। यदि इसी तरह सभी लोग मिल-जुलकर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहें, तो आने वाले समय में कॉलोनी में सड़क, नाली, साफ-सफाई सहित अन्य विकास कार्य भी सामूहिक प्रयासों से बेहतर तरीके से किए जा सकते हैं।
कॉलोनीवासियों की एकजुटता ने यह संदेश दिया है कि सामूहिक प्रयास और श्रमदान से बड़ी से बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।
