हैदराबाद 21 अगस्त 2026 : तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को केंद्र सरकार से अमेरिका जाने की इजाजत नहीं मिली है. रेड्डी 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद वापस आ जाएंगे. उन्हें अमेरिका के बॉस्टन जाना था. राज्य सरकार ने पॉलिसी और प्रोटोकॉल के तहत UK और USA की यात्रा के लिए केंद्र से मंजूरी मांगी थी, लेकिन सिर्फ UK यात्रा को ही मंज़ूरी मिली. केंद्र ने राज्य सरकार को अनुमति न देने की जानकारी तब दी, जब आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल UK पहुंच चुका था.
केंद्र के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, इस दौरे का एकमात्र मकसद केंद्र की नई शिक्षा नीति के तहत दुनिया के बेहतरीन संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद में लाना था. ये संस्थान हमारे युवाओं की उन आकांक्षाओं को पूरा करते, जिनके तहत वे बेहतरीन आइवी लीग और दुनिया के शीर्ष संस्थानों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं.
सियासत से ऊपर सोचना चाहिए’
उन्होंने कहा, मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि जब देश के निर्माण और युवाओं के भविष्य की बात आती है, तो हम सभी को राजनीति और चुनावों से ऊपर उठकर सोचना चाहिए. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र के फ़ैसले को मानते हुए लंदन से भारत लौटने का फ़ैसला किया है. वे बॉस्टन (USA) जाने के बजाय हैदराबाद के लिए उड़ान भरेंगे. मुख्यमंत्री रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे USA की यात्रा जारी रखें और सभी MoU (समझौता ज्ञापन) और पार्टनरशिप एग्रीमेंट पूरे करें.
CM ऑफिस ने क्या कहा?
रेड्डी वर्तमान में लंदन में हैं. यहां से उनकी योजना अमेरिका जाने और 30 अगस्त को हैदराबाद लौटने की योजना थी. सीएम ऑफिस ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले आधिकारिक तेलंगाना-राइजिंग प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका का दौरा रद्द करना पड़ा क्योंकि विदेश मंत्रालय ने इसकी अनुमति नहीं दी. मंत्रालय ने कहा कि राजनीतिक दृष्टिकोण से इस (अमेरिका) यात्रा की मंजूरी नहीं दी गई है. इसने कहा कि रेड्डी अमेरिका के बॉस्टन जाने के बजाय 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौटेंगे.
अमेरिका में क्या प्लान था?
इसके बाद मुख्यमंत्री को अगले हफ्ते अमेरिका जाना था, जहां वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय और मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान (एमआईटी) के परिसर का दौरा करते. उनका 25 अगस्त को बॉस्टन में वर्जीनियां टेक यूनिवर्सिटी के एक दल के साथ संवाद का कार्यक्रम था.
ब्रिटेन में क्या कार्यक्रम?
राज्य सरकार के अनुसार, ब्रिटेन में रेड्डी ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ब्लावत्निक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट एवं अमीरात स्टेडियम जाने का कार्यक्रम है. रेड्डी अमीरात स्टेडियम में इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल से संबंधित एक प्रस्तुति में शामिल होंगे. ब्रिटेन दौरे के दौरान रेड्डी का कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, लंदन विश्वविद्यालय एवं लंदन बिजनेस स्कूल (एलबीएस) में संवाद एवं अन्य कार्यक्रमों की योजना है.
