योगेश यादव/बलौदाबाजार/कसडोल। कसडोल क्षेत्र के कटगी स्थित शराब भट्टी से कथित तौर पर कोचियों को लगातार शराब उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, कई कर्मचारी द्वारा भट्टी से बड़ी मात्रा में देशी, मसाला और अंग्रेजी शराब क्षेत्र के कोचियों तक पहुंच रही है, जिसके चलते गांव-गांव में शराब ब्लैक में बेचे जाने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि कोचियों द्वारा शराब को निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। इससे एक ओर जहां अवैध शराब बिक्री को बढ़ावा मिलने की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कटगी शराब भट्टी से कोचियों तक शराब पहुंचने की शिकायतों पर जिला सहायक आबकारी अधिकारी जलेश सिंह कब तक कार्रवाई करेंगे? क्या विभाग पूरे मामले की जांच कर कोचियों और शराब भट्टी की भूमिका की पड़ताल करेगा?
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आबकारी विभाग की जांच और जलेश सिंह का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
