CGPSC घोटाला: ED की बड़ी रेड, पूर्व CM भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी के घर भी जांच

CGPSC घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने छत्तीसगढ़ में 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। दुर्ग में दो स्थानों पर ED की टीम जांच कर रही है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी और पटवारी कमलेश सिंह राजपूत के घर शामिल हैं।

भिलाई में केके चंद्रवंशी के घर ED की टीम सुबह करीब 6 बजे 2-3 गाड़ियों से पहुंची। टीम घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य जरूरी सामान की जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल ED की ओर से छापेमारी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पूर्व CGPSC चेयरमैन की गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई तेज

ED की यह कार्रवाई पूर्व CGPSC चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी की 25 जुलाई को हुई गिरफ्तारी के बाद सामने आई है। सोनवानी को CGPSC परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच से जुड़े केस में गिरफ्तार किया गया था।

पूरी जांच 2020 और 2021 की CGPSC राज्य सेवा परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों से जुड़ी है। ED ने यह मनी लॉन्ड्रिंग जांच 2024 में CBI द्वारा दर्ज FIR के आधार पर शुरू की थी।

प्रश्नपत्र लीक और चयन में हेरफेर का आरोप

ED के आरोपों के मुताबिक, टामन सिंह सोनवानी ने कथित तौर पर अवैध तरीके से प्रश्नपत्र लीक कराने और चयन प्रक्रिया में हेरफेर करने में मदद की। इसके बदले रिश्वत लिए जाने और इसका लाभ उनके रिश्तेदारों तथा कथित तौर पर पैसे देने वाले उम्मीदवारों को पहुंचने का आरोप है।

फिलहाल ED की टीम अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही कार्रवाई और बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।