यमुनानगर 03 सितम्बर 2026 : हरियाणा के यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज में डूबे सेना के एक जवान की डेड बॉडी बरामद कर ली गई है. दूसरे जवान की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
यूपी के बरथा कोरसी गांव में शव बरामदयमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज में डूबे सेना के एक जवान की डेड बॉडी उत्तर प्रदेश के बरथा कोरसी गांव से बरामद की गई है. स्टोन क्रेशर के नजदीक शव पड़ा मिला है. सेना के जवानों ने घटनास्थल की पूरी घेराबंदी कर ली है. करीब 25 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद किया गया है. ये जगह भी बैराज से करीब 15 किलोमीटर दूर है. इससे पहले बुधवार शाम को 15 किलोमीटर दूर दादूपुर हेड से दो लाइफ जैकेट और एक डाइविंग किट मिली. सेना ने अभी पुष्टि नहीं की है कि ये लापता जवानों की ही हैं. सेना की टीमें 15 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चला रही थी. यहां तक कि दो हेलिकॉप्टर भी तलाश में जुटे हुए थे.
मंगलवार शाम लापता हुए थे सेना के जवानमंगलवार शाम करीब 5 बजे प्रैक्टिस के दौरान चिनूक हेलिकॉप्टर से यमुना में खड़ी बोट में 5 जवान कूदे थे. बोट डूबने लगी तो पांचों डाइविंग किट और लाइफ जैकेट के साथ नदी में कूद गए. इनमें 3 जवान तैरकर पश्चिमी यमुना नहर के गेट से बाहर निकल आए, जबकि महाराष्ट्र के आर्यन पाटिल और जम्मू-कश्मीर के अखनूर निवासी अजय लापता हो गए थे जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था. हरियाणा और यूपी SDRF की टीमें भी सर्च ऑपरेशन में जुटी थी. सर्च ऑपरेशन के चलते पश्चिमी यमुना नहर में एक घंटे तक पानी रोका गया था, ताकि जलस्तर कम होने पर तलाश की जा सके. रक्षा मंत्रालय ने बुधवार शाम प्रेस रिलीज जारी कर बताया था कि दोनों जवानों की तलाश में सेना, एयरफोर्स, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
