स्पोर्ट्स 10 सितम्बर 2026 : अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लग सकता है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा का सीरीज के लिए समय पर फिट होना मुश्किल नजर आ रहा है। हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे राणा को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी। सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली में खेले जाएंगे। हर्षित राणा को टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह मिली है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर है।
चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाए हर्षित राणा
हर्षित राणा आखिरी बार इंग्लैंड दौरे पर भारत के लिए खेलते नजर आए थे। इसके बाद से वह हैमस्ट्रिंग की समस्या से परेशान हैं। BCCI के एक सूत्र ने PTI को बताया कि राणा अभी अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और उन्हें वापसी के लिए कुछ और समय की जरूरत है।
