दिल्ली 11 सितम्बर 2026 : दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच चुके हैं। वहीं, ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक भी शुरू हो गई है। बैठक को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संबोधित किया।
ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक शुरू
दिल्ली में शुरू हुई ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सदस्य देशों से अपने-अपने बाजारों को अधिक खुला बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी व्यापार और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने के लिए सदस्य देशों के बीच बाजारों तक बेहतर पहुंच जरूरी है।
ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक साझेदारी बढ़ाने पर बैठक में जोर दिया जा रहा है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए कई देशों के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंच रहे हैं।
दिल्ली पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। भारत पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।
दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक, रक्षा और आर्थिक सहयोग समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
सुखोई-57 और S-400 समेत इन मुद्दों पर नजर
पीएम मोदी और पुतिन की बैठक में रक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दे अहम रह सकते हैं। सुखोई-57 लड़ाकू विमान से जुड़ी संभावित डील और S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की डिलीवरी पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा कच्चे तेल का व्यापार, स्थानीय मुद्राओं में कारोबार, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, अंतरिक्ष क्षेत्र में साझेदारी, ड्रग तस्करी पर रोक और इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर जैसे मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा हो सकते हैं।
शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति भी पहुंचेंगे
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को दिल्ली पहुंचेंगे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के शुक्रवार दोपहर दिल्ली पहुंचने की जानकारी है। पीएम मोदी के साथ उनकी शाम करीब 6:15 बजे द्विपक्षीय बैठक होने की बात सामने आई है।
इस बैठक में पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति समेत कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ब्रिक्स सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के शामिल होने को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी के कई महत्वपूर्ण इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है और आने-जाने पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
