CGPSC घोटाले में बड़ा एक्शन: पूर्व CM भूपेश बघेल के OSD चेतन बोरघरिया गिरफ्तार

रायपुर 12 सितम्बर 2026 : CGPSC भर्ती घोटाला में ED का बड़ा एक्शन! छत्तीसगढ़ के चर्चित CGPSC भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बलरामपुर-रामानुजगंज के एडिशनल कलेक्टर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में OSD रहे चेतन बोरघरिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने चेतन बोरघरिया को 6 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद CGPSC मामले में सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

ED की जांच में WhatsApp चैट अहम कड़ी बनकर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को चेतन बोरघरिया और मामले के आरोपी बताए जा रहे उत्कर्ष चंद्राकर के बीच कथित WhatsApp बातचीत मिली है। इसी बातचीत को आधार बनाकर ED ने पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग की थी। अब रिमांड के दौरान एजेंसी कथित चैट, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।

साथ ही यह पता लगाने की कोशिश होगी कि भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे। बता दें कि CGPSC भर्ती विवाद भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल से जुड़ा है। उस समय टामन सिंह सोनवानी CGPSC के अध्यक्ष थे और चयन प्रक्रिया में प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों व करीबियों को कथित तौर पर फायदा पहुंचाने के आरोप लगे थे। इस मामले को लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में भी लंबे समय से नाराजगी रही है। अब चेतन बोरघरिया की गिरफ्तारी के बाद बड़ा सवाल यही है कि ED की जांच आगे बढ़ने पर क्या इस मामले में और बड़े नाम सामने आएंगे?