BRICS समिट में दिखी ग्लोबल पावर: PM मोदी के साथ पुतिन-चिनफिंग की फैमिली फोटो ने खींचा ध्यान

नई दिल्ली 13 सितम्बर 2026 : नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग समेत कई देशों के नेताओं की फैमिली फोटो सामने आई। तस्वीर में पीएम मोदी रूस, चीन और अन्य देशों के नेताओं के बीच नजर आए।

ब्रिक्स देशों ने जारी किया संयुक्त बयान

ब्रिक्स समिट के दौरान भारत, रूस, चीन और ईरान समेत 11 सदस्य देशों ने संयुक्त बयान जारी किया। इसमें मध्य पूर्व यानी पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए शांति और अधिकतम संयम बरतने का आह्वान किया गया। देशों ने ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचने की अपील की, जिससे क्षेत्र की स्थिति और बिगड़ सकती है।

शी चिनफिंग ने युद्ध को लेकर क्या कहा?

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहा युद्ध अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों के अनुरूप नहीं है।

भारत की कूटनीति से बनी सहमति

रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले मई में नई दिल्ली में हुई ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में साझा बयान पर सहमति नहीं बन पाई थी। ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मतभेदों के बीच भारत ने सहमति बनाने के लिए कूटनीतिक प्रयास किए। इसके बाद शनिवार को सदस्य देशों ने संयुक्त बयान जारी किया।

पीएम मोदी ने किया नई दिल्ली घोषणापत्र का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि किसी भी सदस्य देश ने आपत्ति नहीं जताई और नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से अपनाया गया। घोषणापत्र में आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा की गई। इसमें सीमा-पार आतंकवाद, आतंकवाद की फंडिंग करने वाले नेटवर्क और आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।