दिशा सालियान केस में CBI की एंट्री, मौत को लेकर FIR दर्ज; फिर उठे सवाल

नई दिल्ली 14 सितम्बर 2026  : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज (FIR) की है. बॉम्बे हाई कोर्ट की तरफ से मामले की पूरी जांच के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई.

इस महीने की शुरुआत में बॉम्बे हाई कोर्ट ने सालियान की मौत की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था. साथ ही कोर्ट ने छह साल तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा था कि उसकी जांच से जवाब मिलने के बजाय और सवाल खड़े होते हैं.पीठ ने छह साल तक मामले को केवल दुर्घटनावश मौत के रूप में देखने के लिए पुलिस की आलोचना की थी और जांच में ‘स्पष्ट विसंगतियों की ओर इशारा किया था. राजपूत की मैनेजर के रूप में कुछ समय काम कर चुकीं सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी. मुंबई पुलिस ने मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी.

राजपूत एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, जिसके बाद दोनों की मौत की घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर अटकलें लगने लगी थीं. सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मचे हंगामे के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था. एजेंसी ने बाद में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करते हुए कहा था कि राजपूत की मौत आत्महत्या से हुई थी. हालांकि संबंधित अदालत ने अभी इस रिपोर्ट पर सुनवाई नहीं की है. पिछली सुनवाई के दौरान जस्टिस भारती डांगरे और जस्टिस मंजुषा देशपांडे की डिवीजन बेंच ने सालियन के परिवार के आरोपों के बावजूद कि उनकी हत्या हुई थी, सिर्फ एडीआर दर्ज करने पर चिंता जताई थी. कोर्ट ने यह भी कहा था कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एडीआर की कॉपी दिशा सालियन के परिवार को उसकी मौत के पांच साल बाद भी नहीं दी गई थीं. कोर्ट के निर्देश के बाद सालियन के पिता सतीश सालियन ने कहा था कि उन्होंने जांच अधिकारियों को अपनी बेटी की मौत के हालात की जानकारी दे दी है और भरोसा जताया है कि कार्रवाई जल्द ही शुरू हो जाएगी.

शुक्रवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सतीश सालियन ने कहा कि उन्होंने जांच करने वालों को अपनी बेटी की मौत से जुड़ी घटनाओं के बारे में जो कुछ भी पता था वह बता दिया है और कई लोगों के नाम बताए हैं जिनसे वह चाहते हैं कि अधिकारी पूछताछ करें.

सीबीआई जांच ने सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति का भी ध्यान आकर्षित किया है, जिन्होंने हाल ही में जांच में उम्मीद जताई थी. सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए, श्वेता ने कहा, “सत्य की अपनी शक्ति होती है. इसे कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है और परेशान किया जा सकता है, लेकिन इसे पराजित नहीं किया जा सकता.”