कलेक्टर कुलदीप शर्मा का औचक निरीक्षण… छात्रावास अधीक्षक मिले अनुपस्थित, नोटिस जारी,,, डमरू गांव स्थित PHC (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र)) का भी लिया जायजा…

योगेश यादव / बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को बलौदाबाजार विकासखंड के रसेड़ा और डमरू गांव का दौरा कर छात्रावास और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। रसेड़ा के शासकीय प्री-मेट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में निरीक्षण के दौरान अधीक्षक लवकेश निराला अनुपस्थित मिले। वहीं वाटर कूलर खराब और साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने अधीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने छात्रावास में रह रहे बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, पढ़ाई, साफ-सफाई और अधीक्षक की उपस्थिति को लेकर जानकारी ली। उन्होंने रसोई, भंडार कक्ष और शयन कक्ष का भी निरीक्षण किया। छात्रावास में 50 सीटों के मुकाबले इस वर्ष 29 छात्र प्रवेशित हैं। कलेक्टर ने बेडशीट की नियमित धुलाई, साफ-सफाई और भवन में टूट-फूट की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर डमरू स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बीपी जांच कराने पहुंचे बुजुर्ग द्वारका प्रसाद से बातचीत की और उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। बुजुर्ग ने चश्मे की जरूरत बताई, जिस पर कलेक्टर ने सीएमएचओ को तत्काल चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, डिलीवरी की संख्या और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सूरज दास मानिकपुरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।