योगेश यादव/बलौदाबाजार, 20 सितंबर। ग्राम डमरू निवासी बुजुर्ग द्वारिका प्रसाद की आंखों की समस्या का तत्काल समाधान किया गया। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने उनकी आंखों की जांच कर उन्हें नजर का चश्मा उपलब्ध कराया।
दरअसल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा शनिवार को ग्राम डमरू स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीण बुजुर्ग द्वारिका प्रसाद ने कलेक्टर से मुलाकात कर आंखों से संबंधित परेशानी बताई और चश्मे की आवश्यकता की जानकारी दी।
कलेक्टर ने बुजुर्ग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने द्वारिका प्रसाद की आंखों की जांच की और उन्हें नजर का चश्मा उपलब्ध कराया।
चश्मा मिलने पर द्वारिका प्रसाद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि चश्मा मिलने से अब उन्हें दैनिक कार्यों में काफी सुविधा होगी। जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सहज और त्वरित रूप से उपलब्ध कराने तथा लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने पर जोर दिया जा रहा है।
