MP में 85 हजार नौकरियों का रास्ता साफ! रिक्त पदों पर भर्ती के साथ प्रमोशन के पद भी भरेंगे

भोपाल 20 सितम्बर 202 6 :  मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े करीब 85 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक, मौजूदा रिक्तियों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति के बाद खाली होने वाले पदों को भी भर्ती के दायरे में लाया जाएगा।

इन पदों पर भर्ती के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) सहित अलग-अलग भर्ती एजेंसियों के माध्यम से प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर 2026 में कई भर्ती परीक्षाओं के आवेदन और परीक्षा कार्यक्रम जारी किए जा चुके हैं।

दिसंबर 2025 से रिक्त पदों को भरने पर जोर

सरकारी विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी के कारण काम प्रभावित होने की शिकायतों के बाद सरकार ने दिसंबर 2025 से रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने का फैसला लिया था।

सामान्य प्रशासन विभाग से अलग-अलग विभागों में खाली पदों की जानकारी जुटाने के बाद मुख्यमंत्री ने करीब एक लाख पदों पर भर्ती के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागवार जरूरत और रिक्तियों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

ESB, MPPSC और MP Online से भर्तियां

राज्य में विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग भर्ती एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इनमें MPESB, MPPSC और MP Online के माध्यम से होने वाली भर्तियां शामिल हैं।

MPESB की मौजूदा 2026 सूची में पुलिस, राजस्व, समूह-3, समूह-2 सहित कई विभागों से संबंधित भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं।

आंगनबाड़ी के 2548 पदों पर भी प्रक्रिया

महिला एवं बाल विकास विभाग में भी भर्ती प्रक्रिया के तहत 781 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 1767 आंगनबाड़ी सहायिका के पद शामिल हैं। दोनों को मिलाकर कुल 2548 पदों पर भर्ती की कार्रवाई की गई है।इस तरह सरकारी विभागों में अलग-अलग स्तर पर रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।

पहले प्रमोशन, अब खाली पदों पर भर्ती

मध्यप्रदेश में करीब एक दशक से रुकी अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले चरण की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया के बाद करीब एक लाख पदों पर अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है।पदोन्नति होने के बाद संबंधित विभागों में कई पद खाली हुए हैं। अब सरकार इन पदों की संख्या का भी आंकलन करा रही है।

प्रमोशन के बाद खाली पद भी भर्ती में होंगे शामिल

सरकार की योजना के मुताबिक, पदोन्नति के बाद खाली हुए पदों की विभागवार जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद संबंधित विभागों को इन पदों पर भर्ती के लिए निर्देश दिए जाएंगे।यानी आने वाले समय में सरकारी नौकरी की भर्तियों में केवल पहले से खाली पद ही नहीं, बल्कि पदोन्नति के कारण खाली होने वाले पद भी शामिल किए जा सकते हैं।

2026 में जारी होंगे भर्ती विज्ञापन

सरकार की ओर से रिक्त पदों की जानकारी जुटाने और भर्ती एजेंसियों के जरिए प्रक्रिया आगे बढ़ाने का काम जारी है। 2026 में विभिन्न पदों के लिए विज्ञापन और भर्ती प्रक्रियाएं संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेंगी।