2027 वर्ल्ड कप के बाद विराट का ‘विराट’ सफर खत्म? कोहली ने कही बड़ी बात

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली रविवार को मैदान पर इंटरनेशनल मैच खेलने उतरेंगे, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से होगी. सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस वनडे सीरीज से टीम इंडिया की 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां भी शुरू हो जाएंगी. यह भी तय हो गया है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अगले साल वर्ल्ड कप तक टीम इंडिया के लिए खेलने वाले हैं, हालांकि यह वर्ल्ड कप इन दोनों का आखिरी वर्ल्ड कप भी होगा. अब वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले विराट कोहली ने कई बड़े बयान दिए हैं, जिसमें उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप खेलने, अपनी बैटिंग स्टाइल से लेकर शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर भी अपनी बात रखी है.

विराट कोहली ने JioHotstar को दिए एक खास इंटरव्यू में खुद इस बात की पुष्टि कर दी है कि 2027 उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा. कोहली ने अपने संन्यास और भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए कहा, “यह भारत के लिए मेरा आखिरी वनडे वर्ल्ड कप होगा और मेरा मकसद इसे जीतना है। इसके लिए चाहे जो कुछ भी करना पड़े, मैं पूरी तरह तैयार हूं.”

अब खुलकर खेलने वाले हैं विराट कोहली

विराट कोहली ने यह भी खुलासा किया है कि उन्होंने अपना गेम प्लान बदला है. अब वो खुल कर खेलने वाले हैं और उन्हें किसी की परवाह नहीं है. अपनी बैटिंग अप्रोच में बदलाव पर बात करते हुए कोहली ने कहा, “मैंने खुद से एक वादा किया है कि मैं अब और अधिक खुलकर खेलूंगा. लोगों की मुझसे क्या उम्मीदें हैं, मैं अब उसकी चिंता नहीं करूंगा.” उन्होंने माना कि आधुनिक क्रिकेट की बदलती मांगों के अनुरूप ढलने के लिए वे अब मैदान पर अधिक जोखिम उठाने के लिए तैयार हैं.

विराट कोहली ने कहा कि 50 ओवर का वर्ल्ड कप होता है मुश्किल

विराट कोहली का यह मानना है कि, 50 ओवर के वर्ल्ड कप में खेलना किसी भी अन्य फॉर्मेट से ज्यादा कठिन है क्योंकि इसमें टी20 जितनी तीव्रता के साथ 10 मैच खेलने होते हैं, जो एक ही दिन में ढाई टी20 मैच खेलने के बराबर दबाव डालता है. विदेशी परिस्थितियों में इतने लंबे टूर्नामेंट के दौरान इस स्तर की ऊर्जा और तीव्रता को बनाए रखना खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक क्षमता की एक बड़ी परीक्षा है.

विराट कोहली ने की शुभमन गिल की तारीफ

विराट कोहली ने शुभमन गिल की भी तारीफ की. गिल के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कोहली ने कहा, “कप्तान के तौर पर शुभमन अभी युवा हैं और सीख रहे हैं, लेकिन उनके पास भारतीय टीम की कप्तानी करने के लिए बिल्कुल सही दृष्टिकोण और आवश्यक तीव्रता है. उनमें टीम को सही दिशा में ले जाने की तीव्र इच्छा है और मैं उन्हें लंबे समय तक कप्तानी करते हुए देख रहा हूं.