दीपावली से पहले मांग पूरी करने की चेतावनी, 18 नवंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन

रायपुर 29 September 2026 : छत्तीसगढ़ में नर्सिंग संवर्ग के ग्रेड पे की मांग को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन ने कहा है कि अगर दीपावली से पहले ग्रेड पे से संबंधित प्रस्ताव लागू नहीं किया गया, तो 18 नवंबर 2026 से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन के मुताबिक आंदोलन में नियमित कर्मचारियों के साथ संविदा और डेली वेजेस पर कार्यरत नर्सिंग कर्मचारी भी शामिल होंगे।

कई जिलों में हो चुका है सांकेतिक प्रदर्शन

अनिश्चितकालीन आंदोलन से पहले नर्सिंग कर्मचारियों की ओर से अलग-अलग जिलों में सांकेतिक प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कोरबा, अंबिकापुर और महासमुंद में नर्सिंग कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन कर अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाया।

वहीं, आने वाले दिनों में जगदलपुर, कांकेर और राजनांदगांव में भी सांकेतिक प्रदर्शन किए जाने की तैयारी है। एसोसिएशन आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाने की तैयारी कर रहा है।

18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के अनुसार, यदि शासन की ओर से ग्रेड पे की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया है कि ग्रेड पे से संबंधित प्रस्ताव लागू होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।

एसोसिएशन प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत नर्सिंग संवर्ग को भी आंदोलन से जोड़ने की तैयारी कर रहा है।

ग्रेड पे की मांग को लेकर नाराजगी

नर्सिंग कर्मचारियों का कहना है कि ग्रेड पे लागू करने की मांग लंबे समय से लंबित है। संगठन ने शासन की ओर से इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए हैं।

एसोसिएशन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनकी लंबित मांग पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

अपनी मांग को शासन तक पहुंचाने के लिए नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है। संगठन ने इसके लिए स्कूटी रैली निकालने की अनुमति भी मांगी है।

एसोसिएशन के मुताबिक यदि मांगों पर जल्द फैसला नहीं होता है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल विभिन्न जिलों में सांकेतिक प्रदर्शन के बाद 18 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा की गई है।