01 October 206 : पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांतों में हवाई हमले किए हैं। अफगान तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि इन हमलों में 9 आम नागरिकों की मौत हुई है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
कुनार और हेलमंद में एयरस्ट्राइक
रॉयटर्स के मुताबिक, तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तानी हमलों में दोनों प्रांतों में तीन घर तबाह हुए हैं। अफगान पक्ष ने इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया है।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से सुबह करीब 3 बजे शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में एक नागरिक के घर को निशाना बनाकर बमबारी की गई। स्थानीय सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया कि इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हुए। मृतकों में ज्यादातर बच्चे होने की बात कही गई है।
पाकिस्तान ने आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाने का किया दावा
पाकिस्तान का कहना है कि उसकी कार्रवाई में दो स्थानों पर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तानी दावे के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 22 लड़ाके मारे गए हैं। वहीं, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने नागरिकों की मौत का दावा करते हुए पाकिस्तान की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
तालिबान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान के हमलों को गलत बताते हुए कहा कि इन्हें जायज नहीं ठहराया जा सकता। तालिबान सरकार ने पाकिस्तान को जवाब देने और बदला लेने की बात कही है। इससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका है।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच क्यों बढ़ रहा तनाव?
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को लेकर विवाद चल रहा है। पाकिस्तान का आरोप है कि TTP के सदस्य अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल उसके खिलाफ हमलों के लिए करते हैं। वहीं, अफगान तालिबान पाकिस्तान के इन आरोपों और सीमा पार सैन्य कार्रवाई का विरोध करता रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगानिस्तान पर पाकिस्तान का यह 11वां हमला बताया जा रहा है। इन हमलों में अब तक करीब 800 लोगों के मारे जाने का दावा किया गया है। हालांकि, अलग-अलग पक्षों के आंकड़ों में अंतर हो सकता है।
