Asian Game 2026 : 03 October 2026 : एशियन गेम्स-2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। भारत ने टूर्नामेंट में अपना 18वां गोल्ड मेडल हासिल कर लिया है। शनिवार को प्रणवी उर्स ने गोल्फ में और 17 वर्षीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने रिकर्व महिला इंडिविजुअल्स कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का परचम लहराया। इन दो गोल्ड मेडल की बदौलत भारत मेडल टैली में 5वें स्थान पर पहुंच गया है। इसके साथ ही एशियन गेम्स के इतिहास में भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या 200 हो गई है।
गोल्फ: प्रणवी उर्स ने रचा इतिहास
नागोया में भारत की प्रणवी उर्स ने विमेंस इंडिविजुअल गोल्फ में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वह एशियन गेम्स में गोल्फ में गोल्ड जीतने वाली देश की पहली महिला गोल्फर बन गई हैं। प्रणवी ने चार राउंड में 15-अंडर 265 का स्कोर किया। फाइनल राउंड में तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के बाद उन्होंने लगातार 3 बर्डी लगाकर शानदार वापसी की और 1 शॉट की बढ़त के साथ गोल्ड अपने नाम किया।
टीम इवेंट में सिल्वर
प्रणवी उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की भारतीय टीम ने 14-अंडर 546 के कुल स्कोर के साथ विमेंस टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। गोल्फ में भारत का यह गोल्ड 2002 के बाद पहला स्वर्ण पदक है। 2002 में शिव कपूर ने पुरुषों की इंडिविजुअल स्पर्धा में गोल्ड जीता था।
तीरंदाजी: कुमकुम बनीं एशियन चैंपियन
डेब्यू एशियन गेम्स खेल रहीं 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने रिकर्व तीरंदाजी में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में कुमकुम ने दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन को शूट-आॅफ में हराकर गोल्ड मेडल जीता। शूट-आफ में कोरियाई खिलाड़ी ने 8 का निशाना लगाया, जबकि कुमकुम ने सटीक 10 अंक हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। कुमकुम इस स्पर्धा में मेडल और गोल्ड जीतने वाली भारत की पहली महिला तीरंदाज बनीं। उन्होंने इस एशियन गेम्स में कुल 3 मेडल अपने नाम किए-महिला टीम और महिला इंडिविजुअल में गोल्ड, तथा मिक्स्ड टीम स्पर्धा में सिल्वर।
रेसलिंग: सागर ब्रॉन्ज मेडल की रेस में
पुरुषों के 74 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग के रेपेचेज मुकाबले में भारत के सागर जगलान ने उज्बेकिस्तान के रजामबेक जमालोव को 7-3 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। रेसलिंग के सभी मेडल मुकाबले दोपहर के सेशन में खेले जाएंगे।
एशियन गेम्स इतिहास में भारत का 200वां गोल्ड
इन दो स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने एशियन गेम्स के इतिहास में 200 गोल्ड मेडल पूरे कर लिए हैं। एशियन गेम्स में भारत की कुल मेडल तालिका अब 855 हो चुकी है।
