रायपुर 05 October 2026 : छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी बड़ी खबर है। राज्य में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के नियमों में बदलाव किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत अलग-अलग विभागों में सीधे भर्ती करने के बजाय कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से परीक्षा आयोजित कर चयन प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है।
पटवारी और राजस्व निरीक्षक समेत कई पद परीक्षा के दायरे में
नई व्यवस्था लागू होने के बाद राजस्व निरीक्षक, पटवारी, अमीन, सहायक ग्रेड-3, स्टेनो टाइपिस्ट और डेटा एंट्री ऑपरेटर जैसे पद कर्मचारी चयन मंडल की परीक्षा व्यवस्था में शामिल होंगे। स्नातक स्तर के समूह में सहायक प्रबंधक, श्रम निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक और सहकारिता निरीक्षक समेत कई पद रखे गए हैं।
इसके अलावा स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, लैब तकनीशियन और फार्मासिस्ट जैसे स्वास्थ्य सेवा से जुड़े तकनीकी पद भी परीक्षा व्यवस्था के दायरे में शामिल किए गए हैं।
