नई दिल्ली 07 October 2026 : बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी कथित गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार को लेकर पिछले कुछ समय से खबरें सामने आती रही हैं। अब गोविंदा की बहू और कृष्णा अभिषेक की पत्नी कश्मीरा शाह ने कोमल रानी पर इशारों-इशारों में तंज कसा है। कश्मीरा ने अपने नए प्रोजेक्ट की फाइनेंसिंग को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसके बाद उनकी बातों की चर्चा होने लगी है।
नए प्रोजेक्ट के लिए ग्रीस जाएंगी कश्मीरा
दरअसल, कश्मीरा शाह को हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। इस दौरान पैपराजी ने उनसे उनके ट्रैवल प्लान के बारे में सवाल किया। कश्मीरा ने बताया कि वह अपने एक नए प्रोजेक्ट के सिलसिले में यूरोप के ग्रीस जा रही हैं।
कश्मीरा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में वह एक्टर के साथ-साथ डायरेक्टर की भूमिका भी निभाएंगी। उन्होंने अपने प्रोजेक्ट को इंडिपेंडेंट बताया।
‘न पति ने फाइनेंस किया, न किसी ब्वॉयफ्रेंड ने’
कश्मीरा ने अपने प्रोजेक्ट की फाइनेंसिंग को लेकर कहा कि खास बात यह है कि यह एक इंडिपेंडेंट प्रोजेक्ट है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसे न तो उनके पति कृष्णा अभिषेक ने फाइनेंस किया है और न ही किसी ब्वॉयफ्रेंड ने।
कश्मीरा यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे कहा, ‘हम बाहर की फिल्में करते हैं भाई, घर की नहीं।’ उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। माना जा रहा है कि कश्मीरा का यह बयान गोविंदा और कोमल रानी के कथित रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर एक तंज है।
गोविंदा और कोमल रानी को लेकर क्या है चर्चा?
गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के कथित रिश्ते की खबरें इस साल की शुरुआत में सामने आई थीं। दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर साथ देखे जाने के बाद इनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं। इसके बाद दोनों के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए साथ पहुंचने की खबरों ने भी चर्चाओं को हवा दी।
हालांकि, गोविंदा और कोमल रानी के रिश्ते को लेकर सामने आ रही इन खबरों पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार के रिश्तों को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं गोविंदा
गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर भी लंबे समय से मीडिया में तरह-तरह की खबरें आती रही हैं। वहीं, कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह कई मौकों पर पारिवारिक रिश्तों और गोविंदा-सुनीता के साथ अपने संबंधों को लेकर चर्चा में रहे हैं। ऐसे में कश्मीरा का नया बयान एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
