08 October 2026 : त्योहारी सीजन में घर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और कंफर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने हटिया और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी।
12, 19 और 26 अक्टूबर को चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 08609 हटिया-एलटीटी पूजा स्पेशल 12, 19 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रत्येक सोमवार को हटिया से दोपहर 4:20 बजे रवाना होगी। ट्रेन झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के प्रमुख स्टेशनों से होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 08610 एलटीटी-हटिया पूजा स्पेशल 13, 20 और 27 अक्टूबर को प्रत्येक मंगलवार को रात 11:50 बजे एलटीटी से रवाना होगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन तीसरे दिन तड़के हटिया पहुंचेगी।
छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशनों पर होगा ठहराव
छत्तीसगढ़ से मुंबई और झारखंड की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन खास तौर पर उपयोगी होगी। हटिया से एलटीटी जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेन रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर रुकेगी।
जानिए छत्तीसगढ़ में ट्रेन का टाइम
गाड़ी संख्या 08609 हटिया से रवाना होने के बाद रायगढ़ रात 11:03 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन बिलासपुर 1:15/1:25 बजे, रायपुर 2:55/3:00 बजे, दुर्ग 3:55/4:00 बजे और गोंदिया 5:48/5:50 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रात 10:10 बजे एलटीटी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन गोंदिया दोपहर 1:50 बजे, दुर्ग 3:55 बजे, रायपुर 4:35 बजे, बिलासपुर 7:05 बजे और रायगढ़ रात 9:35 बजे से होकर गुजरेगी।
22 कोच की होगी पूजा स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा और बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 एसएलआरडी, 1 पावर कार, 4 सामान्य श्रेणी, 6 स्लीपर, 7 एसी-III, 2 एसी-II और 1 एसी प्रथम सह द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल होगा।
इन प्रमुख स्टेशनों से भी गुजरेगी ट्रेन
हटिया और एलटीटी के बीच चलने वाली यह ट्रेन बालसिरिंग, गोविंदपुर रोड, बानो, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, बडनेरा, अकोला, मलकापुर, भुसावल, पचोरा, चालीसगांव, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, समय और ठहराव की जानकारी जांचने की अपील की है। यात्री NTES और RailOne ऐप के जरिए अपडेटेड समय-सारिणी देख सकते हैं। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों को समय रहते टिकट बुक कराने की सलाह दी गई है।
