अजीत अगरकर के जाने पर जडेजा ने BCCI से पूछा सवाल, पोस्ट ने मचाई हलचल

नई दिल्ली 08 October 2026 : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अजीत अगरकर का चीफ सेलेक्टर के तौर पर कार्यकाल खत्म होने के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक ऐसा कमेंट किया, जिसने क्रिकेट जगत में चर्चाओं को हवा दे दी है। जडेजा ने BCCI की ओर से नए सेलेक्टर पद के लिए जारी पोस्ट पर कमेंट करते हुए पूछा कि इस पद के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया क्या है। उनके इस मजाकिया अंदाज वाले कमेंट को अजीत अगरकर के साथ उनके पुराने सिलेक्शन से जुड़े मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है।

BCCI की पोस्ट पर जडेजा का मजेदार कमेंट

BCCI ने चीफ सेलेक्टर के खाली पद के लिए आवेदन मांगे थे। इसी पोस्ट पर रवींद्र जडेजा ने X पर कमेंट करते हुए लिखा, “@BCCI What the procedure?”। जडेजा का यह कमेंट इसलिए भी चर्चा में आ गया क्योंकि वह सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा एक्टिव नहीं रहते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, जडेजा ने इससे पहले किसी पोस्ट पर 19 फरवरी को जवाब दिया था। ऐसे में लंबे समय बाद उनका किसी पोस्ट पर इस तरह कमेंट करना क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया।

जडेजा और अगरकर के बीच नहीं हुआ खुला टकराव

रवींद्र जडेजा और अजीत अगरकर के बीच कभी सार्वजनिक तौर पर कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया। हालांकि, अगरकर के चीफ सेलेक्टर रहते हुए भारतीय टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले। खासकर टी20 फॉर्मेट में सीनियर खिलाड़ियों की जगह युवा खिलाड़ियों को मौका देने की दिशा में टीम आगे बढ़ी।

टी20 वर्ल्ड कप 2022 में ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद टीम में बदलाव की जरूरत महसूस की गई थी। इसी दौरान युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा करने की योजना पर काम शुरू हुआ।

हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा जैसे सीनियर खिलाड़ियों की टीम में वापसी हुई। भारत ने जब टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता, उसी दिन इन तीनों खिलाड़ियों ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया।

वनडे टीम से बाहर किए जाने पर भी बोले थे जडेजा

अगरकर के कार्यकाल के दौरान जडेजा को 2024 में श्रीलंका और 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, अगरकर कई मौकों पर जडेजा को वनडे टीम का महत्वपूर्ण खिलाड़ी बता चुके थे।

टीम से बाहर किए जाने के बाद जडेजा ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर नहीं की थी, लेकिन उन्होंने कहा था कि सिलेक्शन उनके हाथ में नहीं है और वह भारत के लिए खेलना चाहते हैं।

उन्होंने कहा था कि टीम मैनेजमेंट, सेलेक्टर, कोच और कप्तान की अपनी सोच होती है और उन्हें नहीं चुने जाने के पीछे उनकी अपनी वजहें रही होंगी। जडेजा ने यह भी बताया था कि टीम की घोषणा से पहले उनसे बातचीत की गई थी, इसलिए अंतिम फैसला सामने आने पर उन्हें हैरानी नहीं हुई।

अब जडेजा के कमेंट ने बढ़ाई चर्चा

अजीत अगरकर के कार्यकाल के खत्म होने के तुरंत बाद जडेजा का BCCI की पोस्ट पर यह कमेंट करना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, जडेजा ने अपने कमेंट में अगरकर का नाम नहीं लिया और न ही किसी विवाद का सीधा जिक्र किया है। इसलिए इसे दोनों के बीच अनबन का पुख्ता सबूत नहीं माना जा सकता।

फिलहाल, जडेजा का यह मजेदार कमेंट क्रिकेट फैंस के बीच खूब चर्चा बटोर रहा है और लोग इसे उनके पुराने सिलेक्शन से जुड़े अनुभवों से जोड़कर देख रहे हैं।