IPL से पहले पंजाब किंग्स में बड़ा बदलाव, 2 कोचों ने दिया इस्तीफा

स्पोर्ट्स 08 October 2026 : पंजाब किंग्स को आईपीएल 2027 से पहले बड़ा झटका लगा है. दरअसल जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन ने गेंदबाजी कोच और फील्डिंग कोच के अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है. होप्स और हैडिन के इस्तीफे की बड़ी वजह उनकी नई नौकरी है. दरअसल होप्स को क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट का हेड कोच बना दिया गया है, वहीं हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स के हेड कोच के तौर पर कार्यभार संभाला है. अब पंजाब किंग्स में हेड कोच रिकी पॉन्टिंग ही रह गए हैं और उन्हें अब नए सपोर्ट स्टाफ को ढूंढना होगा. इससे पहले साईराज बहुतुले भी पंजाब किंग्स छोड़कर चले गए जो भारतीय टीम के स्पिन बॉलिंग कोच बन गए हैं.

होप्स-हेडिन थे पॉन्टिंग के भरोसेमंद

होप्स और हैडिन दोनों पॉन्टिंग के भरोसेमंद थे. ये दोनों पहले दिल्ली कैपिटल्स में साथ थे और फिर दोनों पंजाब किंग्स में दो साल तक साथ रहे. हैडिन भी 2022 से पीबीकेएस के बैक रूम का हिस्सा रहे हैं. होप्स और हैडिन की टीमें दोनों ही इस समय शेफील्ड शील्ड में हिस्सा ले रहे हैं, जहां क्वींसलैंड पर्थ में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी और न्यू साउथ वेल्स सिडनी में तस्मानिया से भिड़ेगी.

पंजाब किंग्स का क्या होगा?

पंजाब किंग्स की टीम रिकी पॉन्टिंग की कोचिंग में काफी सुधार करती हुई दिखी है. टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं, जिनकी कप्तानी में टीम 2025 में फाइनल तक पहुंची. वहां पंजाब को आरसीबी से हार का सामना करना पड़ा. आईपीएल 2026 में पंजाब की शुरुआत कमाल रही थी, पंजाब किंग्स ने लगातार 6 मैच जीते थे लेकिन इसके बाद एकाएक टीम का प्रदर्शन खराब हो गया और ये टीम 7 में से 6 मैच हारकर प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर सकी. अब आईपीएल 2027 से पहले पॉन्टिंग को अपनी नई टीम खड़ी करनी होगी. क्योंकि तभी पंजाब किंग्स का आईपीएल चैंपियन बनने का सपना पूरा हो पाएगा.