रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती में बड़ा बदलाव, अब दो नहीं सिर्फ एक लिखित परीक्षा!

नईदिल्ली 12 अक्टूबर 2026 : इंडियन रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है. रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने स्टेशन मास्टर भर्ती पैटर्न में बड़े बदलाव किए हैं. ये बदलाव 2026 से लागू होंगे. इन बदलावों के तहत अब स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए एक ही लिखित परीक्षा होगी. ताे वहीं भर्ती के लिए तैयार होने वाली मेरिट सिस्टम में बदलाव किया गया है. इसके साथ ही RRB अब स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए अलग से नोटिफिकेशन जारी करेगा. ये पूरी कवायद स्टेशन मास्टर भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल और तेज बनाने को लेकर की गई है.

इंडियन रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती प्रकिया के पुराने और नए पैटर्न के बारे में जानते हैं. जानते हैं कि अब स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए फाइनल मेरिट कैसे तैयार की जाएगी.

रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती का पुराना एग्जाम पैटर्न क्या था?

RRB अभी तक स्टेशन मास्टर के पद NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती के माध्यम से भरता था. इसी कड़ी में स्टेशन मास्टर का एग्जाम पैटर्न NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती की तरह ही था, जिसके तहत कैंडिडेट्स को दो फेज में लिखित परीक्षा देनी होती थी. पहले फेज में कंप्यूटर आधारित पहली परीक्षा (CBT-1) आयोजित होती थी. इसमें सफल होने वाले कैंडिडेट्स के लिए CBT-2 का आयाेजन किया जाता था. CBT-2 में सफल हुए कैंडिडेट्स के लिएसाइको यानी कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) आयोजित किया जाता था.

अब एक CBT, फिर CBAT होगा

अब नई व्यवस्था के तहत इंडियन रेलवे RRB स्टेशन मास्टर के पद भरने के लिए NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती से अलग नोटिफिकेशन जारी करेगा. तो वहीं इसके साथ ही स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए एग्जाम पैटर्न में बदलाव किया गया है. नया एग्जाम पैटर्न 2026 से लागू होगा. इस बदलाव के तहत स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए एक ही ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित होगी. पद संख्या की तुलना में 8 गुना कैंडिडेट्स कोकंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (साइको टेस्ट) के लिए बुलाया जाएगा.

70-30 फीसदी के वेटेज से बनेगी मेरिट

नई व्यवस्था में स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए होने वाले साइको टेस्ट के लिए नंबर निर्धारित किए गए हैं. मसलन, फाइनल मेरिट में साइको टेस्ट के नंबरों को भी वेटेज मिलेगा. फाइलन मेरिट बनाने में 70 फीसदी वेटेज लिखित परीक्षा के नंबरों को मिलेगा तो वहीं 30 फीसदी वेटेज साइको टेस्ट के नंबरों को मिलेगा. इसके बाद 1:1 के अनुपात में अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा.