नई दिल्ली : 14 अक्टूबर 2026 : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन अभी थमा नहीं है. अब अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर की शाम 5 बजे कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा लहराने का ऐलान किया है. सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “दोस्तों सौरभ और आशु को बस सिर्फ तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाला गया है.
अब 16 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क, सीपी में तिरंगा लहराना है.” बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इससे पहले उन्हें 50 हजार रुपये का बॉन्ड भरने और एक साल तक शांति भंग करने वाले किसी भी मामले में शामिल न होने का आश्वासन देने के बाद रिहा कर दिया गया था.
50 हजार रुपये का बॉन्ड भरवाया
दरअसल, सीजेपी ने 10 से 14 अक्टूबर तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया था और अगले दिन उन्हें छोड़ दिया था. रिहाई के समय दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के तीनों नेताओं से 50 हजार रुपये का बॉन्ड भरवाया था, जिसमें उन्होंने एक साल तक शांति भंग करने वाले किसी भी मामले में शामिल न होने का वादा किया था.
पांच दिन की न्यायिक हिरासत में
दो दिन बाद, 12 अक्टूबर को सरकार ने जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध-प्रदर्शन स्थल के रूप में डीनोटिफाई कर दिया. यानी इसके बाद वहां किसी भी तरह का विरोध-प्रदर्शन नहीं किया जा सकता था. इसके अगले दिन, 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका और सीजेपी कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे बैरिकेडिंग वाले जंतर-मंतर क्षेत्र में गेट फांदकर प्रवेश कर गए थे. वहां उन्होंने तिरंगा लहराया. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पांच दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
