पाकिस्तान के हनीट्रैप में फंसे विंग कमांडर? गोपनीय सैन्य दस्तावेज लीक करने का गंभीर आरोप

नई दिल्ली: 13 नवंबर 2026 : भारतीय वायु सेना (IAF) के एक विंग कमांडर पर पाकिस्तानी जासूसों को सैन्य गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां लीक करने का गंभीर आरोप लगा है। करीब छह महीने पहले दिल्ली से गिरफ्तार किए गए इस अधिकारी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें कथित जासूसी और हनी ट्रैप से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं।

चार्जशीट के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने भारतीय वायु सेना की युद्ध योजनाओं, सैन्य ड्रोन की क्षमताओं, हथियार प्रणालियों और लड़ाकू विमानों की तैनाती से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तानी जासूसों के साथ साझा की थीं। पुलिस ने उसके खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

न्यूड फोटो के बदले शेयर किया सीक्रेट वॉर प्लान

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में दावा किया गया है कि विंग कमांडर ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी महिला जासूस से न्यूड फोटो मिलने के बदले युद्ध की गोपनीय योजना से जुड़ा एक पेज साझा किया था।

आरोप है कि अधिकारी ने महिला जासूस से कहा था कि वह हर न्यूड तस्वीर के बदले उसे सीक्रेट वॉर प्लान से जुड़ा एक नया पेज भेजेगा। पुलिस इस मामले को हनी ट्रैप के जरिए संवेदनशील सैन्य जानकारियां हासिल करने की साजिश के तौर पर देख रही है।

पाकिस्तानी जासूस ने अधिकारी के फोन में इंस्टॉल कराया स्पाइवेयर

चार्जशीट में अधिकारी और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस के बीच हुई बातचीत का भी जिक्र किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच WhatsApp के जरिए लगातार संपर्क बना हुआ था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने मिलिट्री ड्रोन यूनिट की गोपनीयता, उसके ट्रायल और वेपन सिस्टम से संबंधित संवेदनशील जानकारियां साझा की थीं।

पुलिस का आरोप है कि पाकिस्तानी जासूस ने विंग कमांडर के स्मार्टफोन में मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल कराया था। इसका मकसद भारतीय सैन्य अधिकारियों के बीच होने वाले संवाद और चेन ऑफ कमांड से जुड़ी जानकारियां हासिल करना था।

इतना ही नहीं, पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने अधीन काम करने वाले पांच अधिकारियों के डिवाइस में भी कथित तौर पर विशेष मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल करवाए थे।

  1. लद्दाख में फाइटर जेट की तैनाती से जुड़ी जानकारी भी लीक

पुलिस की चार्जशीट में सैन्य गतिविधियों से जुड़ी कई अन्य संवेदनशील जानकारियां साझा करने का भी आरोप लगाया गया है। इनमें शामिल हैं:

लद्दाख के लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और उनके मूवमेंट से जुड़ी जानकारी।

राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में होने वाले सैन्य अभ्यास की जानकारी।

भारतीय सैन्य ड्रोनों की क्षमताओं और परीक्षण से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं।

हथियार प्रणालियों और सैन्य तैनाती के स्थानों से संबंधित जानकारियां।

युद्ध की रणनीति और गोपनीय योजनाओं से जुड़े दस्तावेज।

ये जानकारियां भारतीय सुरक्षा व्यवस्था और सैन्य अभियानों के लिहाज से बेहद संवेदनशील मानी जाती हैं।

WhatsApp चैट में मिले 3,008 मैसेज, 65 तस्वीरें

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के WhatsApp डेटा की पड़ताल की। चार्जशीट के अनुसार, विंग कमांडर और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस के बीच बड़े पैमाने पर बातचीत हुई थी।

पुलिस को जांच में ये जानकारियां मिलीं:

कुल 3,008 WhatsApp चैट।

65 तस्वीरें साझा की गईं।

42 बार वॉयस कॉल हुई।

4 बार वीडियो कॉल की गई।

6 URL का आदान-प्रदान हुआ।

पुलिस इन डिजिटल सबूतों को कथित जासूसी गतिविधियों की जांच में अहम मान रही है।

30 मई को हुई थी विंग कमांडर की गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस ने 30 मई को भारतीय वायु सेना के 44 वर्षीय मौजूदा विंग कमांडर को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि वह पाकिस्तानी जासूसों के हनी ट्रैप में फंसकर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां लीक कर रहा था।

उस पर अपने सहयोगियों के मोबाइल फोन में भी डेटा चोरी करने वाले सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाने का आरोप लगाया गया था।

बताया गया था कि संदिग्ध अधिकारी पर कई महीनों से नजर रखी जा रही थी। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद भारतीय वायु सेना ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी तिहाड़ जेल में बंद है। मामला अदालत में विचाराधीन होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, चार्जशीट में सामने आए आरोपों ने भारतीय सैन्य सुरक्षा और संवेदनशील सूचनाओं की निगरानी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।