मुबई 20 नवंबर 2026 : बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रहती है। दोनों के बीच 10 साल का उम्र का अंतर होने के कारण कई बार उनके रिश्ते को लेकर सवाल उठाए गए हैं। वहीं, शादी के बाद आलिया के कुछ बयानों और रणबीर के इंटरव्यू को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती रही हैं। अब इन तमाम चर्चाओं पर आलिया भट्ट ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक्ट्रेस ने साफ कहा है कि उनकी शादी को लेकर बनाई जा रही धारणाएं गलत और अपमानजनक हैं।
आलिया भट्ट ने शादी को लेकर हो रही अटकलों पर जताई नाराजगी
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने साल 2022 में शादी की थी। दोनों की उम्र में करीब 10 साल का अंतर है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई बार उनकी शादी को लेकर सवाल उठाए गए और उनके रिश्ते को बेमेल तक बताया गया। कुछ लोगों ने तो यह भी दावा किया कि आलिया अपनी शादी में खुश नहीं हैं।
लिस्ट में शामिल होने के बाद दिए गए इंटरव्यू में आलिया ने इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर उनके रिश्ते को लेकर लगातार धारणाएं बनाई जाती हैं, जो काफी आपत्तिजनक हैं।
मुझे दुखी महिला के रूप में दिखाना गलत और अपमानजनक’
आलिया भट्ट ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह हमेशा महिलाओं को अपने मन और दिल की बात सुनने की सलाह देती आई हैं। ऐसे में उन्हें एक ऐसी महिला के रूप में पेश करना, जो अपनी शादी में खुश नहीं है, बिल्कुल गलत और अपमानजनक है।
एक्ट्रेस के मुताबिक, शायद कुछ लोग ऐसे रिश्ते को समझ नहीं पाते, जो शादी को लेकर उनकी पारंपरिक सोच से अलग हो। इसी वजह से वे उनके रिश्ते की छोटी-छोटी बातों पर भी नजर रखते हैं और अपने हिसाब से निष्कर्ष निकाल लेते हैं।
रणबीर कपूर को लेकर आलिया ने कही दिल छू लेने वाली बात
इंटरव्यू में आलिया ने रणबीर कपूर के साथ अपने रिश्ते की असलियत भी बताई। उन्होंने कहा कि किसी भी रिश्ते की सबसे मजबूत नींव यह होती है कि आपका पार्टनर आपको बिना किसी कोशिश के समझे और बिना कुछ कहे आपकी बात सुन ले।
आलिया के मुताबिक, रणबीर उनके लिए ऐसे ही पार्टनर हैं। उनकी इस बात से साफ है कि एक्ट्रेस अपने रिश्ते को लेकर लोगों की बनाई धारणाओं से सहमत नहीं हैं।
2022 में हुई थी आलिया-रणबीर की शादी
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद अप्रैल 2022 में शादी की थी। शादी के करीब सात महीने बाद नवंबर 2022 में दोनों ने अपनी बेटी का स्वागत किया, जिसका नाम राहा कपूर रखा गया।
बेटी के जन्म के बाद रणबीर कपूर कई इंटरव्यू में पिता बनने के अनुभव के बारे में बात कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि राहा के आने के बाद उनकी जिंदगी में काफी बदलाव आया और उन्होंने खुद को पहले से बेहतर इंसान और पिता बनाने की कोशिश की।
आलिया के इन बयानों पर शुरू हुई थी सोशल मीडिया पर बहस
आलिया और रणबीर के रिश्ते को लेकर विवाद उस समय ज्यादा चर्चा में आया, जब एक्ट्रेस ने बताया था कि बहस के दौरान उनका ऊंची आवाज में बात करना रणबीर को पसंद नहीं है। उन्होंने कहा था कि वह अपने गुस्से पर नियंत्रण रखने की कोशिश करती हैं।
इसके अलावा अगस्त 2023 में आलिया ने ‘वोग इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में बताया था कि रणबीर को उनके होंठों का प्राकृतिक रंग पसंद है और वह उनसे लिपस्टिक हटाने के लिए कहते थे।
आलिया के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने रणबीर के व्यवहार को कंट्रोलिंग बताया था। नवंबर 2023 में ‘कॉफी विद करण 8’ में आलिया ने इस मुद्दे पर सफाई देते हुए कहा था कि उनकी बातों को गलत तरीके से समझा गया।
जुलाई 2024 में रणबीर कपूर के एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के बाद भी दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। उन्होंने शादी में समझौते और एक-दूसरे के लिए खुद में बदलाव करने की जरूरत पर बात की थी।
जनवरी 2027 में ‘लव एंड वॉर’ में दिखेगी आलिया-रणबीर की जोड़ी
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट और रणबीर कपूर जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में विक्की कौशल भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।
‘ब्रह्मास्त्र’ के बाद यह दूसरी फिल्म होगी, जिसमें आलिया और रणबीर एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म जनवरी 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की जानकारी दी गई है। ऐसे में फैंस एक बार फिर इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
