रायपुर 24 नवंबर 2026 : खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अपल्फ्टि ग्लोबल फांउडेशन (Uplift Global Foundation) द्वारा 29 नवंबर 2026 को बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन खेल के माध्यम से सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना को बढ़ावा देने की एक विशेष पहल है।
टूर्नामेंट का आयोजन शंकर नगर स्थित “शिवशक्ति बैडमिंटन एरीना (Shivshakti Badminton Arena)’ में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में कचना क्षेत्र के आसपास स्थित विभिन्न आवासीय सोसायटियों की कुल 16 डबल्स टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के खिलाडियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने, आपसी समन्वय बढाने और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन की विशेष बात यह है कि प्रतियोगिता केवल खेल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक सामाजिक उद्देश्य से भी जोड़ा गया है। टूर्नामेंट के समापन के पश्चात अपल्फ्टि ग्लोबल फांउडेशन द्वारा कुछ जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बैडमिंटन किट वितरित की जाएगी, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण उनकी खेल प्रतिभा प्रभावित न हो और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
फाउंडेशन का मानना है कि खेल समाज में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। साथ ही, जरूरतमंद खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
अपल्फ्टि ग्लोबल फांउडेशन ने क्षेत्र की सभी आवासीय सोसायटियों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से इस आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
