PM मोदी ने जताई कार्तिगई दीपम पर्व पर आस्था, तिरुप्परनकुंद्रम विवाद के बीच दिया खास संदेश

Karthigai Deepam 28 नवंबर 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्तिगई दीपम के अवसर पर भगवान मुरुगन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की है। तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने तमिल भाषा में ‘वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ लिखकर भगवान मुरुगन की जयकार की।

प्रधानमंत्री की यह पोस्ट सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के कुछ घंटों बाद सामने आई, जिसमें अदालत ने 28 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने का आदेश दिया है।

पीएम मोदी ने एक्स पर क्या लिखा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में तमिल भाषा के वाक्य ‘वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ को तीन बार लिखा। इसका हिंदी अर्थ है ‘भगवान मुरुगन की जय हो’। उन्होंने इस पोस्ट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश या दीपम विवाद का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके संदेश को भगवान मुरुगन के प्रति आस्था और खुशी की अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है।

क्या है तिरुप्परनकुंद्रम कार्तिगई दीपम विवाद?

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद चल रहा है। यह पहाड़ी भगवान मुरुगन को समर्पित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखती है।

विवाद पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक तरीके से दीप जलाने को लेकर है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अंतरिम आदेश जारी करते हुए निर्धारित स्थान पर दीप जलाने की अनुमति दी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को लगाई फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने अपने पहले के अंतरिम आदेश का पालन नहीं होने पर तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने 28 नवंबर को निर्धारित स्थान पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही कोर्ट ने आदेश के अनुपालन में लापरवाही को लेकर तमिलनाडु के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) समेत संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस भी जारी किए हैं।

इस पूरे मामले के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘भगवान मुरुगन की जय हो’ संदेश चर्चा में आ गया है।