पंजाब की यह टूर्नामेंट की दूसरी जीत है और वह इसी के साथ प्वॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं टूर्नामेंट में निराशाजनक शुरुआत करने वाले चेन्नई सुपर किंग्स ने हार की हैट्रिक लगाई है। प्वॉइंट्स टेबल में खाता ना खोलने वाली सीएसके 9वें पायदान पर है। पंजाब ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा था जिसके सामने चेन्नई की पूरी टीम 126 रनों पर ही ढेर हो गई। पंजाब के लिए लिविंग स्टोन ने 60 रनों की तूफानी पारी खेलने के साथ दो विकेट भी लिए। इस ऑलराउंड परफॉर्मेंस की वजह से उन्हें मैन ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ाती हुई दिखाई दी। खराब फॉर्म में चल रहे रितुराज गायकवाड़ (1) के रूप में उनको पहला झटका लगा। इसके बाद उथप्पा भी 13 के निजी स्कोर पवेलियन लौट गए। उम्मीद थी की रायुडू-मोइन अली जैसे खिलाड़ी सीएसके को संभाल लेंगे, मगर यह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। रायुडू ने जहां 13 रन बनाए, वहीं मोइन अली और रविंद्र जडेजा खाता भी नहीं खोल पाए। सीएसके के लिए शिव दुबे ने 57 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। जब तक दूबे धोनी के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे तब तक सीएसके फैंस को जीत की उम्मीद थी, मगर दुबे के आउट होते ही टीम सिमट गई। सीएसके 18 ओवर में 126 रनों पर सिमट गई। राहुल चार को तीन और वैभव अरोड़ा व लिविंगस्टोन को 2-2 विकेट मिले।
