प्रेमी ने शादी से किया इंकार तो प्रेमिका ने 6 सहेलियों के साथ खाया जहर , तीन की दर्दनाक मौत और….

बिहार के औरंगाबाद स्थित कासमा इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 6 सहेलियों ने एक साथ जहर खा लिया जिसके बाद तीन की मौत हो गई है जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

कई परिवारों में इस दर्दनाक घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग का है। 6 युवतियों में से एक युवती का किसी लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और शादी से इंकार करने के बाद युवती ने अपनी 6 सहेलियों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

तीन घायलों की स्थिति नाजुक

एसपी कांतेश कुमार मिश्र के मुताबिक जिन लड़कियों की मौत हो गई है उनमें से दो की उम्र 14 साल, जबकि एक की उम्र 15 साल है। तीनों अलग-अलग परिवार की हैं। इस घटना में 12 वर्ष, 13 वर्ष और 15 वर्ष की तीन लड़कियां जो गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं, उनमें एक मरने वाली लड़की की सगी बहन है। तीन घायलों को राज्य के ही मगध मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

भाई के साले से मोहब्बत करती थी युवती

औरंगाबाद के एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक में एक लड़की का प्रेम प्रसंग अपने भाई के साले के साथ था। इजहार के जब लड़की ने शादी का प्रस्ताव रखा तो युवक ने इंकार कर दिया जिससे लड़की दुखी हुई तथा घर आकर जहर खा लिया। जब लड़की की दोस्तों ने देखा कि उसने जहर खा लिया है तो सभी सहेलियों ने उसका साथ देते हुए बारी-बारी से जहर खा लिया। एसपी के मुताबिक इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद लड़कियों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।