छत्तीसगढ़ में मोहन मरकाम आज लेंगे मंत्री पद की शपथ

रायपुर 14 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए मोहन मरकाम को शुक्रवार को दूसरी जिम्मेदारी सौंपी जाने वाली है! वे राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री पद की शपथ लेंगे।

मरकाम को प्रेमसाय टेकाम के स्थान पर मंत्रिमंडल में जगह दी जा रही है। टेकाम से गुरुवार को इस्तीफा लिया गया था।

राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले है और कांग्रेस इसके लिए नए सिरे से जमावट कर रही है। पहले मंत्री टी एस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया और उसके बाद प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दीपक बेज को दी गई और अब मरकाम को मंत्री बनाया जा रहा है। मरकाम ने मंत्री बनाए जाने पर कहा कि पहले उन्होंने साढ़े चार साल तक प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई और अब उन्हें राज्य की जनता की सेवा के लिए मंत्री बनाया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि मरकाम को संभवतः स्कूल शिक्षा विभाग का जिम्मा दिया जा सकता है, वहीं उप मुख्यमंत्री सिंहदेव को कुछ नए विभाग और दिए जा सकते है। वर्तमान में सिंहदेव के पास स्वास्थ्य विभाग है।