भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री चुने गए हैं। सांगानेर विधानसभा सीट से पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले ब्राह्मण कार्ड चल दिया है। दीया सिंह और प्रेम चंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। वासुदेव देवनानी को विधानसभा स्पीकर की जिम्मेदारी दी गई है।
भजनलाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव वसुंधरा राजे ने रखा। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, सह-पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और सरोज पांडेय की मौजूदगी में नव निर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया। कुछ देर बाद ही प्रतिनिधिमंडल सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन जाएगा।
इससे पहले भाजपा ने छत्तीसगढ़ में आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को और मध्य प्रदेश में मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया गया। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले तीन राज्यों में सरकार बनाने वाली भाजपा ने आदिवासी, ओबीसी और सर्वणों को साधने की कोशिश की है।
