RJD की पहली कैंडिडेट लिस्ट में 5 नाम, बक्सर से सुधाकर सिंह, गया से सर्वजीत

लोकसभा चुनाव 2024 के तहत आरजेडी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आ गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने जमुई सीट से अर्चना रविदास, गया से कुमार सर्वजीत और औरंगाबाद से अभय कुशवाहा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया।

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में चार में से इन तीन सीटों पर पार्टी ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इन्हें सिंबल भी दे दिया गया है। एक नवादा की सीट के लिए अभी निर्णय लेना बाकी है। वहीं, बक्सर से पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह, उजियारपुर से आलोक मेहता को आरजेडी ने पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। इन्हें भी पार्टी का सिंबल दे दिया गया है।

गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार महागठबंधन की ओर से पहले और दूसरे चरण के कुल 8 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जा सकती है। इस संबंध में आरजेडी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह से बातचीत हुई है। बताया जा रहा है कि महागठबंधन में चरणवार सीटों का बंटवारा किया जा रहा है। पहले और दूसरे चरण की सीटों पर आरजेडी और कांग्रेस में सहमति बन चुकी है।

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक आरजेडी, लेफ्ट और कांग्रेस के बीच दो-तीन सीटों को छोड़कर सभी पर बात बन गई है। बेगूसराय और कटिहार समेत कुछ एक सीटों पर पेच उलझा हुआ है। बेगूसराय से कांग्रेस लड़ना चाहती है, जबकि सीपीआई अपनी परंपरागत सीट बताकर दावा मजबूत कर रही है। कटिहार में भी आरजेडी और कांग्रेस के बीच सहमति नहीं बन पाई है। दोनों ही पार्टियां यहां से अपने उम्मीदवार उतारना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *