रायपुर, छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में रविवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जब एमडी फॉरेंसिक साइंस के छात्र डॉक्टर ए रवि कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह हादसा अस्पताल परिसर में ही हुआ, जिससे मेडिकल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के रहने वाले 26 वर्षीय डॉक्टर रवि कुमार रायपुर एम्स में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, उन्होंने अपने कमरे में पर्दे से फंदा बनाकर सीलिंग फैन से लटककर आत्महत्या की।
सुसाइड नोट में इमोशनल संदेश:
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें रवि ने लिखा, “यहां वर्क प्रेशर बहुत ज्यादा है। सॉरी मम्मी-पापा, मैं इसे हैंडल नहीं कर पाया।” इस भावुक पत्र को उन्होंने आत्महत्या से कुछ देर पहले सोशल मीडिया पर साझा भी किया था।
परिवार से बात के बाद लिया कठोर फैसला:
डॉ. रवि 18 अप्रैल को अपने घर गए थे और 27 अप्रैल को रायपुर लौटे थे। बताया गया है कि उन्होंने 2 मई को अपने परिवार से बातचीत भी की थी और तब वे पूरी तरह सामान्य थे। लेकिन अचानक इस तरह का कदम उठाना सबके लिए हैरान कर देने वाला है।
मित्र ने जताया शक, पुलिस को दी सूचना:
थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि डॉक्टर रवि के एक मित्र ने उन्हें कई बार कॉल किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर रवि का शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस कर रही जांच:
फिलहाल आमानाका पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सुसाइड नोट को जब्त कर लिया गया है और परिवार को सूचित कर दिया गया है। एम्स प्रशासन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर विशेष पहल की बात कही है।
