कोरबा में सुशासन तिहार का तीसरा चरण प्रारंभ: मुख्यमंत्री ने किया समाधान शिविर का शुभारंभ, जनसंपर्क से ग्रामीणों में खुशी की लहर

कोरबा में सुशासन तिहार का तीसरा चरण प्रारंभ: मुख्यमंत्री ने किया समाधान शिविर का शुभारंभ, जनसंपर्क से ग्रामीणों में खुशी की लहर

कोरबा, 05 मई 2025।
छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के अंतर्गत तीसरे चरण की शुरुआत आज कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के ग्राम मदनपुर से हुई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने समाधान शिविर में पहुँचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “हम आपके सेवक हैं, आपकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। आप चिट्ठी के माध्यम से अपनी बात जरूर पहुँचाएं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि “सुशासन तिहार आम जनता से जुड़ने, योजनाओं की हकीकत जानने और समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार के दौरान वे बिना किसी पूर्व सूचना के प्रदेश के किसी भी कोने में जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी को जमीन पर उतारा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, धान खरीदी, महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण दर वृद्धि, रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ योजना सहित अनेक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी।

ग्रामीणों को बैंक जैसी सुविधाएं अब गाँव में ही

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 24 अप्रैल से अटल डिजिटल सेवा केंद्र की शुरुआत हुई है, जिससे ग्रामीणों को बैंक जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र सहित सभी सुविधाएं अब ग्राम पंचायत में ही मिलेंगी।

नामांतरण प्रक्रिया होगी त्वरित

मुख्यमंत्री ने जमीन की रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण प्रक्रिया को सरल और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने की जानकारी दी। अब एक घंटे से भी कम समय में नामांतरण संभव होगा।

हर पात्र को मिलेगा पीएम आवास

श्री साय ने कहा कि आने वाले समय में केंद्रीय पंचायत मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान छत्तीसगढ़ आकर लाखों पीएम आवास की स्वीकृति देंगे। पात्रता नियमों में ढील देते हुए अब दोपहिया वाहन रखने वाले और सीमित आय वाले भी इस योजना के दायरे में आएंगे।

कोरबा के विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए पर्याप्त राशि दी है और डबल इंजन सरकार कोरबा जैसे क्षेत्रों के लिए रेलवे लाइन सहित कई बड़ी योजनाओं पर काम कर रही है।

मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, विधायक श्री तुलेश्वर सिंह मरकाम, प्रेमचंद पटेल, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री पी. दयानंद तथा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

जनता से जुड़ाव और त्वरित समाधान की पहल

जिले के कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बताया कि जिले में अब तक 1,78,418 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अधिकांश का निराकरण कर दिया गया है। ग्राम मदनपुर क्लस्टर में प्राप्त 3,769 आवेदनों में से केवल 29 शिकायत से संबंधित थे, जिनका समाधान कर दिया गया है।

योजनाओं से बदला जीवन

शिविर में लाभार्थियों ने योजनाओं से हुए सकारात्मक बदलाव साझा किए। पीएम आवास की लाभार्थी श्रीमती राजनंदिनी डोंगरे ने पक्के घर का सपना पूरा होने पर खुशी जताई। महतारी वंदन योजना की लाभार्थी श्रीमती रमाबाई पैकरा ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटियों के भविष्य के लिए योजना की राशि का निवेश किया है।