बलौदाबाजार: अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 145 लीटर महुआ शराब जब्त, 690 किलो लाहन नष्ट, हसुआ बलौदा गांव में गुप्त सूचना पर छापा

बलौदाबाजार, 31 जुलाई 2025 | जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में कसडोल और पलारी क्षेत्र में की गई कार्रवाई में कुल 145 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की गई है, जबकि करीब 690 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

हसुआ बलौदा गांव में गुप्त सूचना पर छापा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसडोल वृत्त के ग्राम हसुआ बलौदा में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब के निर्माण और संग्रहण की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की। मौके से 110 बल्क लीटर महुआ शराब अलग-अलग जरीकेनों में भरी हुई जब्त की गई। इसके साथ ही 23 प्लास्टिक झिलियों में रखे करीब 690 किलो महुआ लाहन को भी नष्ट कर दिया गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 22,000 रुपये और नष्ट किए गए लाहन की कीमत लगभग 41,400 रुपये आंकी गई है।

रामपुर गांव में आरोपी गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत पलारी वृत्त के ग्राम रामपुर में एक अन्य कार्रवाई में आरोपी अनिल जांगड़े पिता चेतन जांगड़े के पास से 35 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार कीमत करीब 7,000 रुपये बताई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालयीन अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

आरोपी के विरुद्ध दर्ज हुआ मामला

इन दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। हसुआ बलौदा प्रकरण में अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है, जबकि रामपुर मामले में आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी हो चुकी है।

आबकारी विभाग ने दी चेतावनी

आबकारी अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गैरकानूनी मदिरा कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाना है।