नई दिल्ली, 8 अगस्त — राजधानी दिल्ली में मामूली पार्किंग विवाद ने एक दर्दनाक वारदात का रूप ले लिया। बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की बीती रात हत्या कर दी गई। यह घटना निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के जंगपुरा भोगल बाजार लेन की है, जहां स्कूटी हटाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 11 बजे आसिफ काम से घर लौटे तो देखा कि घर के सामने पड़ोसी की स्कूटी खड़ी थी। उन्होंने पड़ोसी से स्कूटी हटाने को कहा, लेकिन बात बिगड़ गई। आरोप है कि पड़ोसी ने गाली-गलौज करते हुए किसी नुकीले हथियार से उन पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल आसिफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी का कहना है कि पहले भी पार्किंग को लेकर विवाद हो चुका था और आरोपियों ने जानबूझकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
