‘वोट चोरी’ बयान पर राहुल गांधी को नोटिस, कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मांगे दस्तावेज

बेंगलुरु/नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर नोटिस भेजा है। यह कार्रवाई 7 अगस्त को नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों पर की गई, जिसमें राहुल गांधी ने दावा किया था कि शकुन रानी नाम की महिला ने एक ही चुनाव में दो बार मतदान किया।

राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचन आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा था कि शकुन रानी के आईडी कार्ड पर दो बार वोट डाला गया और इस पर पोलिंग बूथ अधिकारी का टिक मार्क भी मौजूद है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी का जवाब
कर्नाटक के सीईओ कार्यालय ने प्रारंभिक जांच में पाया कि राहुल गांधी द्वारा दिखाए गए टिक मार्क आयोग के आधिकारिक दस्तावेज का हिस्सा नहीं हैं। साथ ही, शकुन रानी ने भी बयान दिया है कि उन्होंने केवल एक बार ही मतदान किया।

इस पर सीईओ ने राहुल गांधी से उन मूल दस्तावेजों को उपलब्ध कराने को कहा है, जिनके आधार पर उन्होंने यह दावा किया। आयोग का कहना है कि विस्तृत जांच के लिए ये दस्तावेज जरूरी हैं, और इन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस का पलटवार
विवाद के बीच कांग्रेस चुनाव में धांधली के आरोपों पर अड़ी हुई है। पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एक वेब पेज लॉन्च किया है, जहां लोग निर्वाचन आयोग से जवाबदेही और डिजिटल मतदाता सूची की मांग का समर्थन कर सकते हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “वोट चोरी ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के बुनियादी सिद्धांत पर हमला है। साफ-सुथरी मतदाता सूची और पारदर्शिता के बिना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं।” उन्होंने निर्वाचन आयोग से डिजिटल मतदाता सूची सार्वजनिक करने की मांग दोहराई, ताकि जनता और राजनीतिक दल उसका ऑडिट कर सकें।