जमीन सौदे में रॉबर्ट वाड्रा पर ईडी के गंभीर आरोप, राहुल गांधी ने किया बचाव

जमीन सौदे में रॉबर्ट वाड्रा पर ईडी के गंभीर आरोप, राहुल गांधी ने किया बचाव

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा पर गुरुग्राम में जमीन सौदे से जुड़ा बड़ा आरोप लगाया है। ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, वाड्रा को इस डील से 58 करोड़ रुपये ‘अपराध की आय’ के रूप में प्राप्त हुए। इसमें से 5 करोड़ रुपये ब्लू ब्रीज ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड और 53 करोड़ रुपये स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड से ट्रांसफर हुए।

चार्जशीट में कहा गया है कि इन फंड्स का उपयोग अचल संपत्तियों की खरीद, निवेश, कर्ज चुकाने और उनसे जुड़ी कंपनियों की देनदारियां निपटाने में किया गया। मामला सितंबर 2018 का है, जिसमें वाड्रा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और भूपिंदर सिंह हुड्डा, रियल एस्टेट फर्म डीएलएफ और एक प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ भ्रष्टाचार, जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोपों में एफआईआर दर्ज हुई थी।

ईडी के अनुसार, वाड्रा की कंपनी ने फरवरी 2008 में ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज से गुरुग्राम के शिकोहपुर में 3.5 एकड़ जमीन 7.5 करोड़ रुपये में खरीदी और बाद में डीएलएफ को 58 करोड़ रुपये में बेच दी। ईडी को संदेह है कि यह सौदा मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हो सकता है।

राहुल गांधी का पलटवार
चार्जशीट दाखिल होने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रॉबर्ट वाड्रा का खुलकर बचाव किया। उन्होंने आरोपों को राजनीति से प्रेरित और दुर्भावनापूर्ण बताया। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मेरे बहनोई को 10 वर्षों से इस सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। यह आरोपपत्र उसी सिलसिले की अगली कड़ी है। मैं रॉबर्ट, प्रियंका और उनके बच्चों के साथ खड़ा हूं।”

राहुल गांधी ने विश्वास जताया कि “अंत में सत्य की जीत होगी।”