ईडी की छापेमारी पर चेन्नई पुलिस ने दर्ज किया केस, डीएमके ने केंद्र पर साधा निशाना

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति एक बार फिर ईडी की कार्रवाई को लेकर गरमा गई है। चेन्नई पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिन्होंने कथित तौर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों पर विधायक छात्रावास में छापेमारी के दौरान हमला किया था।

ईडी ने यह छापेमारी ग्रामीण विकास मंत्री आई. पेरियासामी और उनके बेटे पलानी से विधायक आईपी सेंथिल कुमार की संपत्तियों पर की। दोनों पिता-पुत्र के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला चल रहा है।

तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, ईडी ने शुक्रवार को तीन जगहों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें मंत्री का डिंडीगुल स्थित आवास, उनके बेटे का पलानी स्थित घर, और डिंडीगुल के ही शिवाजी नगर में बेटी इंदरानी का आवास शामिल था। कार्रवाई से पहले अर्धसैनिक बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और घंटों तक तलाशी अभियान चला।

यह मामला सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है और इस पर अब 18 अगस्त को सुनवाई होनी है।

भड़की डीएमके

सत्तारूढ़ डीएमके ने ईडी की कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाया। पार्टी ने आरोप लगाया कि पेरियासामी परिवार के खिलाफ छापेमारी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कथित वोट चोरी अभियान से ध्यान भटकाने की रणनीति है।

डीएमके प्रवक्ता ने कहा, “पार्टी न तो ईडी से डरेगी और न ही प्रधानमंत्री मोदी से।”
पार्टी के वरिष्ठ नेता भारती ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी राजनीति के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा, “अवैध वोट चोरी से ध्यान हटाने के लिए ईडी का इस्तेमाल हो रहा है। भाजपा चुनाव आयोग तक को अपनी राजनीति का हथियार बना चुकी है।”