पटना। बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ इंडिया गठबंधन की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ रविवार (17 अगस्त) से सासाराम से शुरू हो रही है। 1300 किलोमीटर लंबी यह यात्रा राज्य के 25 जिलों से गुजरेगी और 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में विशाल रैली के साथ इसका समापन होगा।
राहुल-तेजस्वी साथ देंगे नेतृत्व
यात्रा की शुरुआत सासाराम के सुअरा हवाई अड्डे पर सभा से होगी। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, भाकपा-माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी सहित इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेता शामिल होंगे।
राहुल गांधी सुबह 10:30 बजे गया हवाई अड्डे पर उतरेंगे और हेलीकॉप्टर से सासाराम पहुंचकर दोपहर 12 बजे यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। राहुल और तेजस्वी पूरी यात्रा में साथ रहेंगे।
यात्रा का स्वरूप
यात्रा के दौरान राहुल गांधी कहीं पैदल और कहीं वाहन से लोगों से मिलेंगे।
रोजाना दो से तीन सभाएं होंगी, बीच-बीच में रोड शो और पैदल यात्राएं भी होंगी।
राहुल के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया वाहन साथ चलेगा, जो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी उनके साथ था।
मीडिया कवरेज के लिए एक अलग वैन होगी, जिसमें राहुल और तेजस्वी दोनों की तस्वीरें लगाई गई हैं।
यात्रा के दौरान राहुल टेंट में रात्रि विश्राम करेंगे। कुल 13 स्थानों पर टेंट बनाए गए हैं।
यात्रा का कार्यक्रम
17 अगस्त: सासाराम, डेहरी ऑन सोन, औरंगाबाद
18 अगस्त: देव रोड, अंबा, कुटुंबा, रफीगंज रोड, गुरारू, गया
19 अगस्त: वजीरगंज, नवादा, वारिसलीगंज, बरबीघा
21 अगस्त: शेखपुरा, लखीसराय, सिकंदरा, जमुई, मुंगेर
22 अगस्त: मुंगेर, अकबरनगर, सुल्तानगंज, नाथनगर, भागलपुर, नवगछिया
23 अगस्त: बरारी, कुरसेला, कोढ़ा, कटिहार, पूर्णिया
24 अगस्त: पूर्णिया, अररिया, नरपतगंज
26 अगस्त: सुपौल, फुलपरास, सकरी, मधुबनी, दरभंगा
27 अगस्त: दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी
28 अगस्त: मोतिहारी, पश्चिम चंपारण
29 अगस्त: बेतिया, गोपालगंज, सीवान
30 अगस्त: छपरा, सारण, आरा, भोजपुर
1 सितंबर: पटना, गांधी मैदान में समापन रैली
मीडिया समन्वय
कांग्रेस ने यात्रा के लिए छह सदस्यीय मीडिया कोऑर्डिनेशन टीम बनाई है। इसमें संजीव सिंह को चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। टीम में अरुण कुमार त्रिपाठी, प्रकाश मीना, रितु चौधरी, सुप्रिया भारद्वाज और टीना कर्मवीर शामिल हैं।
